NEET परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज, अपर समाहर्ता ने कदाचारमुक्त संचालन हेतु दिए कड़े निर्देश
समस्तीपुर : आगामी NEET परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समाहरणालय, समस्तीपुर में अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर समाहर्ता द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, जिसमें पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था शामिल है। साथ ही परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी एवं सख्त निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय सघन जांच की जाए तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी बल दिया गया, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, केंद्र अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर:- श्याम कुमार


No Previous Comments found.