कमला गेट चौक पर हाईवा ने युवक को कुचला, मुआवजे को लेकर परिजनों ने शव रखकर किया मुआवजा की मांग

समस्तीपुर : उजियारपुर एनएच-28 स्थित कमला गेट चौक पर रविवार की अहले सुबह करीब 7 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुसरीघरारी की ओर से दलसिंहसराय जा रहे बालू लदे 18 चक्का हाईवा ने आगे चल रहे साइकिल-ठेले को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 30 वर्षीय राकेश कुमार पंडित की मौके पर ही मौत हो गई। 

इस हादसे में उजियारपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर कमला वार्ड-02 निवासी 50 वर्षीय दयाली सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सातनपुर कमला गेट की ओर जा रहे थे, तभी हादसा हुआ।

घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने कमला गेट के पास एनएच-28 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। वे मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। जाम की सूचना पर उजियारपुर थाने के दारोगा राजू कुमार और अजीत कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया।

इधर, हादसे को अंजाम देकर भाग रहे हाईवा के उपचालक को स्थानीय लोगों ने सातनपुर कमला गेट के पास खदेड़कर पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वैशाली के राजापाकर निवासी उपचालक विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। हाईवा जब्त कर लिया गया है। चालक अभी फरार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है।
रिपोर्टर : डॉ प्रवीण प्रकाश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.