अज्ञात हाइवा की चपेट में आने से भाजपा नेता दंपती सहित तीन की मौत, कई घायल, स्थिति नाजुक

समस्तीपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के खोकसाहा-हरिचक मुख्य मार्ग पर 18 जून गुरुवार की अहले सुबह खोकसाहा और खदियाही चौक के बीच बसेड़ा बट वृक्ष पेड़ के नजदीक चौबटिया पर भीषण सड़क दुर्घटना में भाजपा नेता दंपती सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इस सड़क दुर्घटना में करीब एक दर्जन लोग जख्मी हो गए। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान विभूतिपुर पूरब पंचायत के वार्ड संख्या 5 निवासी स्वर्गीय बंकुल महतो के 60 वर्षीय पुत्र भाजपा नेता एवं आदर्श दुग्ध समिति के अध्यक्ष राजकुमार महतो, उनकी 45 वर्षीय पत्नी संयोगिता देवी तथा खानपुर थाना क्षेत्र के नत्थोद्वार पंचायत के अमसौर खजुरिया टोला वार्ड संख्या 2 निवासी माकपा नेता हरेराम सहनी के रूप में हुई है। इस घटना के संबध में बताया जाता है कि अमसौर गांव से करीब 12 लोग एक टेंपो पर सवार होकर सीमाबती बेगूसराय जिले के झमटिया घाट पर गंगा स्नान करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान राजकुमार महतो अपनी पत्नी के साथ अपने बाइक से सक्कर चौरी स्थित अपने खेत में कृषि कार्य के लिए जा रहे थे। तभी खोकसाहा की ओर से हरिचक कि ओर जा रही एक हाइवा ने टेंपो को ओवरटेक करने के दौरान जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार दंपती को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो सड़क से करीब 20 फीट नीचे गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में टेंपो सवार नौ लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर दुर्घटना स्थल से फरार हो गया। टेम्पो चालक भी भाग गया। घटना के बाद सुबह-सुबह टहल रहे स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और 102 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। विभूतिपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की तीनों एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं तथा सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने शुरुआती जांच पड़ताल के बाद भाजपा नेता राजकुमार महतो और माकपा नेता हरेराम सहनी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल संयोगिता देवी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर किया गया, जहां उनकी भी मौत हो गई। हादसे में टेम्पो पर सवार पवित्री देवी, तेतरी देवी, फूलशंकर देवी, गीता देवी, सुधा देवी, अमेरिका देवी, ममता देवी सहित कई लोग घायल हो गए। इनमें अरुण सहनी की पत्नी गीता देवी की स्थिति अत्यधिक गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर किया गया है। इस दुर्घटना के बाद भाजपा नेता अरविंद कुमार कुशवाहा ने पथ-निर्माण विभाग एवं स्थानीय प्रशासन से बसेड़ा बट वृक्ष चौपटिया पर स्थाई स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, जिससे सड़क दुर्घटना को रोका जा सके। स्थानीय ग्रामीण लोगों के द्वारा इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि सभी मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है। फरार हाइवा चालक एवं वाहन की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : राजेश कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.