दो पंचायतों में कृषि जन कल्याण चौपाल सह खेत बचाओ अभियान आयोजित
समस्तीपुर/विभूतिपुर : जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा, समस्तीपुर के निर्देशानुसार 19 जून शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र के विभूतिपुर उत्तर एवं सिंघिया बुजुर्ग उत्तर पंचायत में कृषि जन कल्याण चौपाल सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत तकनीक, प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल संरक्षण तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर कृषि उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि के लिए जागरूक करना था।
विभूतिपुर उत्तर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पार्षद रीना राय ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन किसान सलाहकार प्रेमचंद सिंह ने किया। कार्यक्रम में कृषि समन्वयक राजीव रंजन ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। सहायक तकनीकी प्रबंधक सत्यप्रकाश सिंह ने आत्मा योजना, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा वैज्ञानिक खेती के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं कृषि समन्वयक अभिजीत कुमार ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रखंड किसान सलाहकार समिति सदस्य कृष्णदेव प्रसाद सिंह ने कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी की अनुपस्थिति पर खेद व्यक्त किया तथा किसानों से ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभागीय जानकारी एवं आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं। अपने संबोधन में जिला पार्षद रीना राय ने किसानों से कृषि विभाग से निरंतर जुड़े रहने तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक खेती, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और विभागीय योजनाओं का प्रभावी उपयोग ही किसानों की समृद्धि का आधार है।
कार्यक्रम में सभी सहायक तकनीकी प्रबंधक, सभी किसान सलाहकार, जनप्रतिनिधियों में वार्ड सदस्य अशोक कुमार एवं रमेश कुमार महतो सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में किसानों को पराली नहीं जलाने, नियमित मृदा परीक्षण कराने, संतुलित उर्वरकों का उपयोग करने, जल संरक्षण अपनाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा कृषि विभाग की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का संकल्प दिलाया गया।
रिपोर्टर : राजेश कुमार
No Previous Comments found.