गंगौली पुल निर्माण में देरी पर जिला परिषद ने खोला मोर्चा। मुख्यमंत्री समेत कई अधिकारियों को भेजा शिकायत पत्र

समस्तीपुर - जिला परिषद क्षेत्र संख्या-40 (विभूतिपुर) के सदस्य अमन कुमार पराशर ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के अंतर्गत गंगौली पुल चौक पर निर्माणाधीन पुल के कार्य में हो रही कथित लापरवाही और अत्यधिक विलंब को लेकर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, ग्रामीण कार्य मंत्री तथा जिलाधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। जिला परिषद सदस्य ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि बिना किसी ठोस तकनीकी आवश्यकता के पुराने एवं सुरक्षित पुल को ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद बनाई गई वैकल्पिक डायवर्शन व्यवस्था भी पूरी तरह त्रुटिपूर्ण और असुरक्षित साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि डायवर्शन मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे कई राहगीर घायल हो चुके हैं और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। अमन कुमार पराशर ने बताया कि पुल निर्माण कार्य शुरू हुए लगभग एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक धरातल पर संतोषजनक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए स्थिति और गंभीर हो सकती है। यदि समय रहते निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ और नदी का जलस्तर बढ़ गया, तो कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह कट सकता है। स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, व्यापार और दैनिक आवागमन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। जिला परिषद सदस्य ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित विभाग को अविलंब निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया जाए तथा लंबे समय से बरती गई प्रशासनिक शिथिलता और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

रिपोर्टर - राजेश कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.