अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत, मचा कोहराम।
समस्तीपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया घाट-दलसिंहसराय मुख्य मार्ग एसएच 88 पर कल्याणपुर मठ के नजदीक 25 जून गुरुवार की सुबह के करीब 5:00 बजे भयानक सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मुहम्मदपुर सकरा पंचायत सकरा टोला तरुनिया वार्ड संख्या 1 निवासी स्वर्गीय रामप्रवेश यादव के 25 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतक राजीव शादी समारोह के बाद अपनी मामी को उनके घर छोड़ने के बाद वापस अपने घर आ रहा था। इसी दौरान घर से करीब 1 किलोमीटर पहले कल्याणपुर मठ के नजदीक एक अज्ञात ट्रक ने उसे ठोकर मार दी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों एवं परिजनों के द्वारा घायल राजीव को इलाज के लिए दलसिंहसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शुरुआती प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। बेगूसराय जाने के दौरान रास्ते में ही घायल राजीव की मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों तथा सगे- संबंधियों में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाई में सबसे छोटा था। इस घटना की सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि शुरुआती कागजी प्रक्रिया के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्टर : राजेश कुमार
No Previous Comments found.