डीजे वाहन की चपेट में आने से घायल बच्ची की इलाज के दौरान मौत, मचा कोहराम
समस्तीपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया पंचायत सरकार भवन के नज़दीक 24 जून बुधवार को डीजे लदी वाहन की चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से घायल हुई लगभग 11 वर्षीय मासूम बच्ची की पटना के एम्स हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान मिश्रौलिया गांव वार्ड नंबर 2 निवासी रंजन कुमार रजक की 11 वर्षीय पुत्री निभा कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव सहित आसपास के इलाके में शोक का माहौल है, मृतक बच्ची के परिजनों तथा सगे संबंधियों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि 24 जून बुधवार को गांव में एक शादी समारोह के दौरान मिश्रौलिया पोखर स्थित डीहबाड़ स्थान पर पूजा के लिए डीजे वाहन जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन को आगे-पीछे कर रहा था, तभी निभा कुमारी उसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए दलसिंहसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उसे पटना एम्स ले जाया गया, जहां दो दिनों तक चले इलाज के बावजूद 26 जून को उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर शनिवार को विभूतिपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के समय डीजे वाहन एक नाबालिग चला रहा था। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है । पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
रिपोर्टर : राजेश कुमार
No Previous Comments found.