समीप प्रदर्शन कर विरोध सभा आयोजित
समस्तीपुर - उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत मालती पंचायत के वार्ड संख्या 1,3 और 7 में नल-जल योजना की बदहाल व्यवस्था तथा अनियमित जलापूर्ति के विरोध में शनिवार को भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने बजरंग चौक के समीप प्रदर्शन कर विरोध सभा आयोजित की। सभा की अध्यक्षता पंचायत सचिव विजय कुमार राम ने की। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले नेता फूलबाबू सिंह ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना का लाभ सभी घरों तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोटर निर्धारित समय के बजाय केवल एक-दो घंटे ही चलाई जाती है, जिससे लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम कम से कम छह-छह घंटे मोटर का संचालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जर्जर पाइपलाइन के कारण जगह-जगह पानी का रिसाव होता है। मरम्मत के नाम पर राशि खर्च होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। वहीं वार्ड संख्या 7 स्थित वेदौलिया पोखर के भिंडा पर नल की टोंटी नहीं होने से कई घरों तक जलापूर्ति बाधित है। उन्होंने इस स्थिति के लिए पीएचईडी की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
भाकपा-माले नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सभी जरूरतमंद घरों तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में उप-सरपंच सुधांशु प्रियदर्शी, वार्ड सदस्य मो. अमजद, मो. शमशेर, मो. रूखसार, मो. सद्दाम, आनंद सिंह, रामवरण राम, रामाश्रय राम, कुंदन गिरि, जगन्नाथ साह, माल बाबू साह, मोहन साह, मदन साह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्टर - डॉ प्रवीण प्रकाश
No Previous Comments found.