अंगार पंचायत में ग्रामसभा, जीपीडीपी के तहत ग्रामीणों ने दिए विकास के सुझाव
समस्तीपुर : जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत अंगार पंचायत भवन परिसर में रविवार को ग्रामसभा का आयोजन किया गया। बैठक में सुशासन युक्त पंचायत के निर्माण एवं ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामसभा की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया इंदु कुमारी ने की।
बैठक में पंचायत सचिव विकाश चौधरी ने ग्रामीणों को जीपीडीपी की महत्ता बताते हुए पंचायत के विकास के लिए अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं लिखित रूप में देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पंचायत की विकास योजना तभी प्रभावी होगी, जब उसमें ग्रामीणों की जरूरतों और सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।
ग्रामसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को सामने रखा। अधिकांश लोगों ने सड़क एवं नाली निर्माण को प्राथमिकता देते हुए इनसे संबंधित योजनाओं का प्रस्ताव दिया। ग्रामीणों ने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
मुखिया इंदु कुमारी ने कहा कि पंचायत के समग्र विकास के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर पंचायत सचिव विकास चौधरी, पंचायत के कर्मी, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामसभा में प्राप्त सुझावों और प्रस्तावों को आगामी ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल करने का निर्णय लिया गया।
रिपोर्टर : डॉ प्रवीण प्रकाश
No Previous Comments found.