महिसारी पंचायत के वार्ड-7 में पेयजल संकट, नल-जल योजना की पाइपलाइन नहीं पहुंचने से ग्रामीण परेशान

समस्तीपुर : उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत महिसारी पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित महावीर चौक में पेयजल संकट गहरा गया है। नल-जल योजना की पाइपलाइन अब तक घरों तक नहीं पहुंचने से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में समरसेबल तो लगाया गया है, लेकिन उससे घर-घर जलापूर्ति की व्यवस्था आज तक शुरू नहीं हो सकी है। परिणामस्वरूप लोग निजी समरसेबल और अन्य वैकल्पिक स्रोतों से पानी लाकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच यह समस्या लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
ग्रामीण राज कुमार राय ने बताया कि वार्ड के अधिकांश परिवार अब भी नल-जल योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने पीएचईडी विभाग एवं जिला प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर पाइपलाइन बिछाने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और विभाग को इस दिशा में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं महिसारी पंचायत के मुखिया श्रवण पासवान ने पीएचईडी विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) सहित अन्य अधिकारी न तो ग्रामीणों की शिकायतों पर ध्यान देते हैं और न ही फोन रिसीव करते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र नल-जल योजना की पाइपलाइन बिछाकर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

रिपोर्टर : डॉ प्रवीण प्रकाश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.