जलजमाव से जर्जर हुई कालीकरण सड़क, राहगीरों का चलना हुआ मुश्किल
समस्तीपुर : उजियारपुर प्रखंड के बिरनामा तुला पंचायत स्थित आर.एस. उच्च विद्यालय के समीप कालीकरण सड़क पर जलजमाव के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे नाली का निर्माण तो कराया गया, लेकिन उसके पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। निर्माण के बाद आज तक नाली की उड़ाही भी नहीं कराई गई, जिससे हल्की बारिश और घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर जमा हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क अंगारघाट एसएच-55 को खानपुर, अंगार रेलवे स्टेशन और उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
मुखिया प्रतिनिधि बैजू राय ने बताया कि संबंधित सड़क पंचायत के अधिकार क्षेत्र से बाहर है। उन्होंने कहा कि नाला सफाई के लिए पंचायत को अलग से कोई फंड नहीं मिलता, इसलिए पंचायत स्तर पर उड़ाही कराना संभव नहीं है। उन्होंने समस्या को गंभीर बताते हुए संबंधित विभाग से पहल की आवश्यकता बताई।
वहीं ग्रामीण शशि, विनोद राय, रंजीत दास, सुंदरेश्वर दास, भोला पासवान, मनोज दास और मनोज महतो ने जिला प्रशासन से नाले की सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
रिपोर्टर : डॉ. प्रवीण प्रकाश
No Previous Comments found.