NEET-2026 में मुकुंद मुरारी की शानदार सफलता, विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान समारोह
समस्तीपुर/उजियारपुर : प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, माधोडीह में शनिवार को विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र एवं NEET-2026 में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले मुकुंद मुरारी के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। मुकुंद मुरारी ने NEET-2026 में 595 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 11595 हासिल करते हुए विद्यालय, पंचायत, प्रखंड और समस्तीपुर जिले का नाम रोशन किया।
मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख रंजू देवी ने कहा कि मुकुंद की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे। समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार, प्रखंड पंचायतीराज पदाधिकारी रंजय कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रभात रंजन, शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने मुकुंद मुरारी को सम्मानित करते हुए विद्यार्थियों से उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर एवं पुष्पमाला से अतिथियों का सम्मान रहा। मंच संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक एवं साहित्यकार वैद्यनाथ पोद्दार ने किया।
विद्यालय प्रभारी विजय कुमार पासवान सहित सभी शिक्षकों-शिक्षिकाओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं समारोह में शामिल हुए। सभी ने मुकुंद मुरारी की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान की शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्टर : डॉ प्रवीण प्रकाश
No Previous Comments found.