मध्य विद्यालय सीही के छात्रों को नशापान न करने को लेकर किया गया जागरूक
समस्तीपुर (हसनपुर) : बिहार सरकार के मद्य निषेध अभियान की सफलता के लिए सरकार के स्तर से कई तरह के जागरूकता अभियान कार्यक्रम चलाया जा रहा है।इसके बावजूद भी हमारे समाज के युवा वर्ग नशापान का तेजी से शिकार हो रहे है। इस बाबत मध्य विद्यालय सीही के शिक्षक सुशांत यादव सुमित ने विद्यालय के छात्रों को नशापान न करने को ले जागरूक करते हुए बताया की नशा मुक्ति अभियान की सफलता के लिए सामाजिक चेतना एक अहम कड़ी है और हमारे समाज के लोग जब जाग जाएंगे तो बिहार सरकार के इस अभियान को और मजबूती मिलेगी । उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस प्रशासन व प्रखंड प्रशासन के साथ साथ स्थानीय समाज के जागरूक होकर बेहतर समन्वय रखते हुए नशा जैसे सामाजिक अभिशाप को दूर करने में काफी सुविधा होगी । जब प्रखंड प्रशासन व पुलिस प्रशासन के साथ आमलोगों के द्वारा भी नशामुक्ति अभियान के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी तो निश्चित रूप से सूखा नशा व शराब के धंधेबाजों के हौसले पस्त होते नज़र आयेंगे । हमें समाज में इस बात की जानकारी साझा करनी चाहिए कि किस प्रकार सूखा नशा व शराब के सेवन से पारिवारिक , सामाजिक , और आर्थिक हानि होती है । इसके लिए हमारे युवा पीढ़ी को आगे आकर इस अभियान की सफलता के लिए विशेष पहल करना चाहिए । क्योंकि वर्तमान समय में हमारी युवा पीढ़ी सबसे अधिक इस सामाजिक अभिशाप के शिकार हो रहे है । युवाओं को यह समझना होगा कि वे राष्ट्र के भविष्य है तथा उनके ऊपर परिवार के साथ साथ समाज को भी आगे बढ़ाने की जिम्मेवारी है । उन्हें नशा से होने वाले मानसिक व बौद्धिक विकास के अवरुद्ध होने की जानकारी आमजन तक पहुंचाते हुए स्वयं भी इस बात को गंभीरता से लेना चाहिए । प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो जाने से दोनों ही इस अभियान की सफलता के लिए एक दूसरे को आइना दिखा सकेंगे और बिहार सरकार के मद्य निषेध अभियान को अमल में लाने के लिए पारदर्शिता भी आएगी । सुशांत ने छात्रों को बताया कि वर्तमान समय में हमारे बहुत से युवा साथी नशापान के चक्कर में अपने बहुमूल्य जीवन को मौत की ओर ले जा रहे है एवं उनकी इस गलती का खामियाजा उनके माता,पिता,पत्नी एवं बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शंभूनाथ,शिक्षक जगदीश कुमार सुमन, तारकेश्वर बैठा,सुशांत यादव सुमित, रामकुमार शर्मा, सौरभ यादव, मुकेश वर्मा, शिक्षिका कुमारी निशा,कुमारी कविता, छात्रों में विशाल कुमार,सूरज कुमार,अनुष कुमार, दिव्यांशु कुमार, रणवीर कुमार,कुंदन कुमार, सहित अन्य छात्र छात्राएं मौजूद रहे ।
रिपोर्टर : गौतम कुमार सिंह
No Previous Comments found.