अंगार घाट और उजियारपुर थाने में गूंजा राष्ट्रगान, लहराया तिरंगा

समस्तीपुर : जिले के उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर अंगार घाट थाना परिसर में थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार तथा उजियारपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने विधिवत झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाई।
अंगार घाट थाना परिसर में तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो गया। पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। वहीं उजियारपुर थाना परिसर में भी थानाध्यक्ष अजीत कुमार के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। पुलिसकर्मियों ने पूरे सम्मान एवं अनुशासन के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर थानाध्यक्षों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्य परायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
समारोह के दौरान थाना परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। तिरंगे की आन-बान-शान के बीच आयोजित कार्यक्रम ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशसेवा की भावना को और मजबूत किया। दोनों थाना परिसरों में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

रिपोर्टर- डॉ प्रवीण प्रकाश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.