उजियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म

समस्तीपुर - उजियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है। बताया गया कि घटना के समय बच्ची की मां गांव के ही खेत में मजदूरी करने गई थी। इसी दौरान गांव के ही स्वर्गीय राम सागर चौधरी के पुत्र 55 वर्षीय चंद्रकांत चौधरी उर्फ भगलू चौधरी पर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पीड़िता को परिजन इलाज के लिए उजियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर किए जाने की बात सामने आई है। इधर,इस मामले के बहाने स्थानीय लोगों ने उजियारपुर सीएचसी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों और एक समाजसेवी का आरोप है कि अस्पताल में कई मामलों में मरीजों को समुचित जांच और उपचार के बाद ही रेफर करने के बजाय जल्द रेफर कर दिया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने रात के समय स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों की देखरेख को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि रात में व्यवस्था सीमित कर्मियों के भरोसे रहती है। मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इरशाद अंसारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

रिपोर्टर - डॉ प्रवीण प्रकाश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.