महारानी एचपी गैस एजेंसी पटसा पर उपभोक्ताओं ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप
हसनपुर (समस्तीपुर) : अगर आप महारानी एचपी गैस एजेंसी, पटसा के उपभोक्ता हैं तो सावधान हो जाइए। एजेंसी पर कर्मी के भेष में कई जलसाज मौजूद हैं, जो उपभोक्ताओं के साथ विभिन्न प्रकार की धोखाधड़ी कर रहे हैं।
ताजा मामला शनिवार का है। एक उपभोक्ता जब गैस की पर्ची कटाने एजेंसी पर गया तो अंदर से ही कर्मी द्वारा उसका गैस कार्ड और पैसा दोनों गायब कर दिया गया। काफी खोजबीन और हंगामे के बावजूद कार्ड और पैसा की रिकवरी नहीं हो पाई है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गैस के लिए उपभोक्ताओं को कई-कई घंटे लाइन में लगना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसी संचालक एजेंसी चलाने में पूरी तरह असमर्थ हैं। बताया जा रहा है कि दर्जनों लोगों ने इसमें अपनी पूंजी इन्वेस्ट कर रखी है, जिसके कारण एजेंसी पर हमेशा भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। सभी अपना-अपना स्वामित्व जताने लगते हैं।
उपभोक्ताओं ने बताया कि जो उपभोक्ता महारानी एजेंसी के नाम बुकिंग करा देते हैं, उन्हें गैस लेने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। जब भी गैस की गाड़ी आती है तो दर्जनों तथाकथित इन्वेस्टर अपने-अपने तरीके से गैस बेचने के जुगाड़ में लग जाते हैं, जिससे आम उपभोक्ता काफी परेशान हैं।
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि इस संबंध में कई बार वरीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अब तो हदें पार हो गई हैं, एजेंसी के अंदर से ही कार्ड और पैसे गायब होने लगे हैं।
उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और एचपी गैस कंपनी के अधिकारियों से इस मामले में जांच कर उचित कार्रवाई करने और एजेंसी की व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
रिपोर्टर : गौतम कुमार सिंह
No Previous Comments found.