पिस्तौल के बल पर नाबालिग दलित छात्रा का अपहरण
समस्तीपुर - उजियारपुर प्रखंड के पतैली पूर्वी पंचायत वार्ड-12 में 14 जुलाई को नाबालिग दलित छात्रा के अपहरण और गैंगरेप का मामला सामने आया है। भाकपा-माले की जांच टीम के अनुसार दिन के करीब 10 बजे कस्तूरबा विद्यालय के पास से 5 मनचले युवकों ने पिस्तौल दिखाकर छात्रा को दो मोटरसाइकिल पर बैठाकर अगवा कर लिया। आरोपियों ने उसे सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया और घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया। वारदात के बाद छात्रा को उसी स्थान पर छोड़ते हुए आरोपियों ने धमकी दी कि यदि परिजनों या पुलिस को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे और परिवार के सदस्यों की हत्या कर देंगे।
घटना की जानकारी मिलने पर भाकपा-माले की 15 सदस्यीय टीम पीड़ित परिवार से मिली। नेता महावीर पोद्दार और प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने मौके पर पहुंची अनुसंधानकर्ता ममता साह से मिलकर अविलंब दोषियों की गिरफ्तारी, पीड़िता को 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। श्री पोद्दार ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। प्रशासन की लापरवाही से ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भाकपा-माले चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
रिपोर्टर : डॉ. प्रवीण प्रकाश
No Previous Comments found.