करीब 3 करोड़ का पंचायत सरकार भवन निर्माण में भारी अनियमितता, ग्रामीणों में आक्रोश, रुकवाया काम।
समस्तीपुर : विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र के भुसवर पंचायत के बसौना गांव में करीब 3 करोड़ की लागत से बन रहे पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और घटिया निर्माण का मामला प्रकाश में आया है। इस भवन का उद्घाटन माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले महीने रिमोट के माध्यम से किया था। उद्घाटन होने के कुछ ही दिनों बाद प्लास्टर टूटकर नीचे गिरने लगा, दीवारों में लंबी दरारें पड़ गईं और कई जगहों पर कॉलम से सरिया बाहर दिखाई देने लगा है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोगों ने निर्माण कार्य बंद करा दिया है। सबसे हैरानी की बात यह है कि अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण दिखाकर उद्घाटन कर दिया गया।जबकि अभी भी कई काम अधूरे हैं। फिलहाल भवन के अंदर फर्श में टाइल्स लगाने का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण में निम्न स्तर की ईंट, सीमेंट और बालू का उपयोग किया गया है। कई जगहों पर प्लास्टर हाथ लगाने से ही झड़ जा रहा है और कॉलम में लगी सरिया हिलाने पर गिट्टी-बालू का मिश्रण नीचे गिरने लगता है। हाल ही में हुई बारिश के बाद दीवारों पर किया गया प्लास्टर और रंग उखड़कर गिर पड़ा, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से घटिया निर्माण कराया जा रहा है और शिकायत करने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। स्थानीय मुखिया रंजीत कुमार महतो ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों को दे दी गई है और उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है। पंचायत समिति सदस्य प्रदीप कुमार ने बीडीओ, डीडीसी एवं डीएम से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भवन की हालत अभी से खराब है, आगे चलकर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रविवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर काम बंद करा दिया। इस संबंध में कनीय अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद फिलहाल निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जांच नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
रिपोर्टर : राजेश कुमार
No Previous Comments found.