" सिंघिया घाट स्टेशन परिसर में घटित हुई घटना, आरोपित महिला से पूछताछ में जुटी पुलिस "

समस्तीपुर : विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र के सिंघिया घाट दुर्गा मंदिर मैदान के नजदीक 4 अप्रैल शनिवार को मंगलसूत्र चोरी के आरोप में एक महिला को लोगों की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी। इस घटना की सूचना विभूतिपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर महिला को आक्रोशित भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाना ले आई। घटना के संबंध में कापन वार्ड संख्या 7 निवासी अवनीश कुमार की पत्नी रंजना कुमारी ने बताया कि वह समस्तीपुर से दिन के 3:30 बजे खुलने वाली ट्रेन से अपने घर लौट रही थीं। सिंघिया घाट स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान एक महिला ने उनके गले से मंगलसूत्र चोरी कर लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और आरोपित महिला की तलाशी ली गई, लेकिन मंगलसूत्र बरामद नहीं हुआ। पीड़िता ने आशंका जताई कि महिला ने अपने साथ मौजूद दूसरी महिला को मंगलसूत्र दे दिया। बताया गया कि आरोपित महिला स्टेशन से निकलकर दुर्गा मंदिर की ओर भागने लगी। लोगों ने उसका पीछा किया और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के नजदीक पकड़ लिया। आरोपित महिला ने मंगलसूत्र चोरी करने की घटना से साफ इनकार किया। आरोपित महिला ने अपना घर थाना क्षेत्र के ही पतैलिया गांव बताया। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि आरोपित महिला से इस संबंध में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

रिपोर्टर : राजेश कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.