जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार
समस्तीपुर : जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में जनगणना 2027 एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल स्तर के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जनगणना 2027 की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि एचएलबी (HLB) क्रिएशन एवं जिओ टैगिंग का कार्य लगभग 40 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, जिसे अगले तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, स्व-गणना (Self Enumeration) के कार्य में तेजी लाने पर जोर देते हुए बताया गया कि अब तक लगभग 13,700 स्व-गणनाएं की जा चुकी हैं, जिनमें से 11,700 व्यक्तियों द्वारा इसे अंतिम रूप से लॉक किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी कर्मी भी स्व-गणना का कार्य शीघ्र पूर्ण करें, ताकि प्रगणकों को घर-घर सत्यापन के दौरान सुविधा मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरकारी कर्मियों, चार्ज ऑफिसर एवं जनप्रतिनिधियों को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किए जाने का निदेश प्राप्त है।
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी द्वारा सभी पदाधिकारियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई कर लंबित मामलों का निष्पादन अगले तीन माह के भीतर किया जाए।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अतिक्रमण से जुड़े सभी लंबित मामलों को आगामी तीन माह में निष्पादित कर अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता समस्तीपुर ब्रजेश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी एकराम अली, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : श्याम कुमार

No Previous Comments found.