करेह नदी के दाएं तटबंध के सुदृढ़ीकरण एवं कालीकरण सड़क निर्माण की परियोजना काफी महत्वपूर्ण

समस्तीपुर : जिले से होकर गुजरने वाली करेह नदी के दाएं तटबंध के सुदृढ़ीकरण एवं उसपर कालीकरण सड़क  निर्माण की परियोजना काफी महत्वपूर्ण है। उक्त बाते समस्तीपुर जिला के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित बड़गांव गांव  निवासी सुशांत यादव सुमित ने कही। उन्होंने कहा कि  इस महत्वपूर्ण परियोजना की अगर स्वीकृति मिल जाती है तो समस्तीपुर जिला सहित पड़ोस के दरभंगा,बेगूसराय,खगड़िया,भागलपुर,सहरसा, सुपौल  के लोगों को इस सड़क से होकर काफी कम समय में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में काफी सहूलियत होगी। साथ ही हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में कृषि, उद्योग  व्यवसाय,यातायात के साधन,शिक्षा,तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन देखने को मिलेगा।बताया जाता है कि इस बाबत  हसनपुर विधायक राजकुमार राय ने बिहार के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बीते 16 अप्रैल 2026 को राजधानी पटना में  मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए  हसनपुर विधानसभा क्षेत्र  की बहुप्रतीक्षित मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा । उन्होंने करेह नदी के दायां भाग में  हायाघाट से करांचीन तक तटबंध  जो कि बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल हथौड़ी के अंतर्गत आता  है तथा करांचीन तटबंध से फुलतौरा  घाट पुल  तक तटबंध जो कि खगड़िया डिवीजन टू के अंतर्गत आता है का सुदृढ़ीकरण एवं  उच्च स्तरीय कालीकरण  सड़क निर्माण कराने की मांग की।विधायक राजकुमार राय ने मुख्यमंत्री को बताया कि हसनपुर विधानसभा क्षेत्र  लंबे समय से इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की मांग करता आ रहा है। यदि तटबंध पर उच्च स्तरीय सड़क का निर्माण हो जाता है, तो हसनपुर विधानसभा  क्षेत्र का संपर्क दरभंगा, सहरसा, सुपौल, नेपाल और भागलपुर समेत कई महत्वपूर्ण इलाकों से सीधा हो जाएगा। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण होने से व्यापार, रोजगार और स्थानीय व्यवसाय को व्यापक लाभ पहुंचेगा। किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए यह सड़क जीवनरेखा साबित हो सकती है। बरसात के दिनों में क्षेत्र के लोगों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से भी राहत मिलेगी।
विधायक ने मुख्यमंत्री से इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि हसनपुर विधानसभा क्षेत्र की यह वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हो सकती है। स्थानीय लोगों ने भी विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्रहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।


रिपोर्टर :  गौतम कुमार सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.