डेयरी कर्मी की इलाज के दौरान मौत, मुआवजे की मांग को लेकर घंटों सड़क जाम।
समस्तीपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के चोरा टभका पंचायत के मिश्रोलिया वार्ड संख्या 1 निवासी स्वर्गीय रवि महतो के 43 वर्षीय पुत्र शिवजी प्रसाद सिंह की 22 जून सोमवार की सुबह पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने सिंघिया घाट-दलसिंहसराय मुख्य मार्ग (एसएच-88) को दाहु चौक स्थित नंद डेयरी गेट के सामने शव रखकर जाम कर दिया। ग्रामीणों तथा परिजनों द्वारा किए गए सड़क जाम के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी- लंबी लाइन लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। बताया जाता है कि शिवजी प्रसाद सिंह पिछले करीब चार वर्षों से नंद डेयरी में कार्यरत थे। बताया जाता है कि वे डेयरी में वॉलर (कर्मी) के रूप में कार्य करते थे। 15 जून को कार्य करने के दौरान पैर फिसलने के कारण वे गर्म घी में गिर गए थे। जिस वजह से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार की सुबह उनकी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने मृतक के आश्रितों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस घटना की सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। करीब दो घंटे बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और आवागमन सामान्य हो सका। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। इस घटना के बाद परिजनों तथा सगे संबंधियों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।
रिपोर्टर : राजेश कुमार
No Previous Comments found.