ट्रक ने कोचिंग से लौट रहीं दो छात्राओं को मारी ठोकर, प्राथमिकी दर्ज, चालक गिरफ्तार।

 समस्तीपुर : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के तरुणिया मैदान के नज़दीक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से इंटर की दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि मोहम्मदपुर सकरा वार्ड संख्या 1 निवासी कैलाश राय की 16 वर्षीय पुत्री विनीता कुमारी और पड़ोसी गांव के शंकर राय की 18 वर्षीय पुत्री सुशीला कुमारी इंटर की छात्राएं हैं। शुक्रवार की दोपहर करीब 3:30 बजे दोनों कोचिंग से घर लौट रही थीं। इसी दौरान तरुणिया मैदान के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार छह चक्का ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विनीता कुमारी के शरीर के बाएं हिस्से, कंधे और पसली में गंभीर चोटें आईं, जबकि सुशीला कुमारी के दाएं पैर का पंजा टूट गया तथा सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें लगीं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों के द्वारा इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रक को जब्त कर लिया तथा चालक को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि चालक नशे की हालत में था। उसे विभूतिपुर थाना लाया गया।

रिपोर्टर : राजेश कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.