जिले के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले तीन प्रमुख धार्मिक स्थल मां सती मंदिर शासन ,

समस्तीपुर :  सर्वेश्वरधाम पटसा, तथा शिव मंदिर मंगलगढ़ को बिहार सरकार के द्वारा पर्यटन स्थल का दर्जा दिए से आसपास के आधारभूत संरचना  में काफी बदलाव देखने को मिलेगा । उक्त बातें समस्तीपुर जिला के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़गांव  गांव निवासी सुशांत यादव सुमित ने कहा। उन्होंने बताया कि धार्मिक आस्था के रूप में प्रचलित इन तीनों मंदिरों का स्थलीय विकास एवं वहां तक पहुंचने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी वाली सड़कों के निर्माण कराए जाने से आमलोगों को काफी सहूलियत होगी । वहीं मंदिर परिक्षेत्र के क्षेत्र विस्तार किए जाने से आसपास के लोगों को व्यवसाय के क्षेत्र में भी आगे आने का मौका मिलेगा। साथ ही हसनपुर विधानसभा क्षेत्र का भी नाम देश के पर्यटन मानचित्र में देखने को मिलेगा एवं इससे यहां की अलग पहचान भी बनेगी।   इन धार्मिक स्थलों पर सुविधा विस्तार होने से लोगों को कई नए सुविधाओं का भी लाभ मिल सकेगा व यहां आनेवाले पर्यटकों के लिए भी यह एक नया अनुभव होगा। इसके अलावा जिले से होकर गुजरने वाली करेह नदी के पूर्वी एवं पश्चिमी  तटबंध के सुदृढ़ीकरण एवं उसपर कालीकरण सड़क  निर्माण की परियोजना भी  काफी महत्वपूर्ण है।    इस महत्वपूर्ण परियोजना की अगर स्वीकृति मिल जाती है तो समस्तीपुर जिला सहित पड़ोस के जिला  के लोगों को भी इस सड़क से होकर काफी कम समय में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में काफी सहूलियत होगी। साथ ही हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में कृषि, उद्योग  व्यवसाय,यातायात के साधन,शिक्षा,तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन देखने को मिलेगा।बताया जाता है कि   करेह नदी के पूर्वी तटबंध फुहिया से लड़झा घाट पुल होते हुए राजघाट से कोल्हुआ घाट तक वाटर वेज बांध तथा पश्चिमी तटबंध फुलतोड़ा घाट पुल से जगमोहरा , करांची, सखवा,राजघाट होते हुए कोल्हुआ पुल तक वाटरवेज बांध के अति जर्जर स्थिति में है एवं इसके सुदृढ़ीकरण एवं  उच्च स्तरीय कालीकरण  सड़क निर्माण कराए जाने की जरूरत है। हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के द्वारा लंबे समय से इस तटबंध के सुदृढ़ीकरण एवं उस पर  महत्वपूर्ण सड़क निर्माण  परियोजना  की मांग की जा रही है। यदि तटबंध पर उच्च स्तरीय सड़क का निर्माण हो जाता है, तो हसनपुर विधानसभा  क्षेत्र का सीधा संपर्क  कई महत्वपूर्ण इलाकों से  हो जाएगा। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण होने से व्यापार, रोजगार और स्थानीय व्यवसाय को व्यापक लाभ पहुंचेगा। किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए यह सड़क जीवनरेखा साबित हो सकती है। बरसात के दिनों में क्षेत्र के लोगों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से भी राहत मिलेगी। वहीं इसके सुदृढ़ीकरण कराए जाने से बाढ़ से जुड़ी समस्याओं से काफी निजात मिल सकेगी।सुशांत ने बताया कि  हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े  कई ज्वलंत मुद्दों जैसे कि बायपास सड़क के रूप में चिन्हित सड़कों के चौड़ीकरण किए जाने, मृत बागमती  नदी के उड़ाहीकरण वाली योजना पर कार्य करवाने, चौर तथा बंधार क्षेत्रों से जल निकासी की योजना पर कार्य करने,धार्मिक स्थलों के रूप में चिन्हित स्थानों को पर्यटन स्थल का दर्जा दिए जाने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान किए जाने के साथ साथ प्राथमिक  उपस्वास्थ्य केंद्रों व अतिरिक्त प्राथमिक उपस्वास्थ्य केंद्रों  के जर्जर भवन के स्थान पर नए भवनों का निर्माण कराकर वहां पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा शुरू  कराए जाने , शिक्षा के क्षेत्र में  ठोस आधारभूत संरचना प्रदान किए जाने, हसनपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आनेवाले तीनों प्रखंड क्रमशः हसनपुर, बिथान, तथा सिंघिया प्रखंड से होकर गुजरने वाली महत्वपूर्ण सड़कों के जर्जर स्थिति  को देखते हुए संबंधित कार्य एजेंसी से  उसके पुनर्निर्माण कराए जाने सहित हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरने वाली टू लेन सड़कों से बेहतर  कनेक्टिविटी वाली सड़कों के निर्माण कराए जाने वाली योजनाओं को मूर्तरूप देने संबंधी मांग भी बहुत महत्वपूर्ण है।उन्होंने बताया इन प्रमुख मांगों के पूरा होने से  आमलोगों को काफी सुविधा होगी व क्षेत्र के बुनियादी ढांचा में क्रांतिकारी परिवर्तन देखने को मिलेगा।


रिपोर्टर : गौतम कुमार सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.