UP MLC नतीजों पर आप सांसद संजय सिंह का तीखा तंज!
नई दिल्ली/वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विधान परिषद (MLC) की शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी (SP) की बड़ी जीत के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस नतीजे को आधार बनाकर भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। संजय सिंह ने ईवीएम (EVM) और बैलेट पेपर से होने वाले चुनावों के परिणामों का हवाला देते हुए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
"ऐसा कौन सा 'काला जादू' है कि EVM से मोदी लोकप्रिय हो जाते हैं?"
वाराणसी के नतीजे सामने आने के बाद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर तंज कसते हुए लिखा, "ऐसा कौन सा 'काला जादू' है कि EVM से मोदी जी लोकप्रिय हो जाते हैं? बैलट पेपर से मोदी जी 'अलोकप्रिय' हो जाते हैं। वाराणसी में MLC का चुनाव बैलट से हुआ और मोदी जी अलोकप्रिय हो गए।" आप सांसद के इस बयान ने देश में एक बार फिर से बैलेट पेपर बनाम ईवीएम की पुरानी बहस को ताजा कर दिया है।
सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने 4,898 वोटों से दर्ज की जीत
वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सपा के निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव ने भाजपा के प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को 4,898 वोटों के बड़े अंतर से मात दी। लाल बिहारी यादव को कुल 10,958 वोट मिले (पहले चरण में 6,941 और दूसरे चरण में 4,017 वोट)। वहीं, बीजेपी उम्मीदवार डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को केवल 6,060 वोट (पहले चरण में 3,005 और दूसरे चरण में 3,055 वोट) ही हासिल हो सके।
स्नातक सीट पर भी सपा ने बनाई बढ़त
शिक्षक सीट पर मिली करारी हार के साथ-साथ वाराणसी स्नातक सीट पर भी भाजपा के लिए स्थितियां अनुकूल नजर नहीं आ रही हैं। शुरुआती गणना में स्नातक सीट पर भी सपा प्रत्याशी भाजपा से आगे चल रहे थे। गौरतलब है कि पिछले चुनाव में भी समाजवादी पार्टी ने वाराणसी की शिक्षक और स्नातक दोनों सीटों पर परचम लहराया था।

No Previous Comments found.