कथित शराब प्रकरण में न्यायालय का फैसला राजनीतिक साज़िश पर करारा प्रहार – नीलम यादव
खलीलाबाद : तथाकथित दिल्ली शराब प्रकरण में दिल्ली की न्यायालय द्वारा अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया सहित आम आदमी पार्टी के 23 नेताओं को बरी किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी की महिला प्रदेश अध्यक्ष एवं खलीलाबाद की वरिष्ठ नेता नीलम यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
नीलम यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि लंबे समय से जिस प्रकरण को आधार बनाकर आम आदमी पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा था, उस पर न्यायालय का निर्णय यह स्पष्ट करता है कि आरोप तथ्यहीन थे। यह निर्णय देश की न्याय व्यवस्था में आम नागरिक के विश्वास को और मजबूत करता है।
नीलम ने कहा कि जब-जब जनहित की आवाज़ बुलंद होती है, तब-तब उसे दबाने की कोशिशें भी तेज़ होती हैं। लेकिन इस निर्णय ने यह साबित कर दिया है कि सत्य को न तो भय से दबाया जा सकता है और न ही प्रचार से मिटाया जा सकता है। यह उन करोड़ों महिलाओं, युवाओं और आम परिवारों की जीत है जो साफ-सुथरी और जवाबदेह राजनीति चाहते हैं।
आप नेत्री नीलम यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और भारतीय जनता पार्टी द्वारा बनाए गए राजनीतिक माहौल में विपक्ष को कठघरे में खड़ा करने का प्रयास हुआ, किंतु न्यायालय के निर्णय ने सच्चाई को सामने ला दिया। लोकतंत्र में असहमति कोई अपराध नहीं, बल्कि एक आवश्यक शक्ति है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन सभी महिलाओं और युवाओं के आत्मविश्वास को नई शक्ति देता है, जो भय और दबाव की राजनीति के विरुद्ध खड़े होने का साहस रखते हैं। अब समय आ गया है कि देश में संवाद, संवैधानिक मर्यादा और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जाए।
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम

No Previous Comments found.