मरीज ने कथित डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही और धोखाधड़ी के आरोप लगाए
संत कबीर नगर : उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जनपद से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक मरीज ने कथित डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत डीएसपी, जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई है।
ग्राम प्रतापपुर निवासी पंकज कुमार, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ने बताया कि उन्हें पाइल्स की समस्या थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात डॉ. बी.सी. विश्वास नामक व्यक्ति से हुई। आरोप है कि डॉक्टर ने ऑपरेशन के जरिए पूरी तरह ठीक करने का भरोसा दिया और करीब 42,000 रुपये लेकर इलाज किया।
पीड़ित के अनुसार, ऑपरेशन के कुछ ही दिनों बाद उनकी स्थिति और बिगड़ गई। जब उन्होंने दोबारा डॉक्टर से संपर्क करने की कोशिश की, तो कथित तौर पर उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया गया।
सी न्यूज़ रिपोर्टर मोहम्मद नईम से बातचीत में पीड़ित ने कहा,
“हम गरीब आदमी हैं, मजदूरी करके पैसे जुटाए थे। इलाज कराने गए तो हालत और खराब हो गई। अब कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।”
पीड़ित ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और मामले की जांच की मांग की है।
फिलहाल, आरोपी डॉक्टर का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम


No Previous Comments found.