ईद-उल-अजहा पर अलफारूक बैतुलमाल की अनोखी पहल
संत कबीर नगर : ईद-उल-अजहा के मुबारक मौके पर सामाजिक संस्था अलफारूक बैतुलमाल दरियाबाद की ओर से मदरसा शाकिरा लिलबनात धुबहा सांथा में जरूरतमंद और गरीब परिवारों के लिए सेवा एवं सहायता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों के बीच नए कपड़ों का वितरण कर उनकी ईद की खुशियों को दोगुना करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन मौलाना नूरुल हुदा कासमी ने कहा कि इंसानियत की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि बाढ़, प्राकृतिक आपदा या किसी भी संकट की घड़ी में अलफारूक बैतुलमाल हमेशा जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य करता है। संस्था बिना किसी भेदभाव के मानवता की सेवा को अपना कर्तव्य मानती है।
उन्होंने कहा कि समाज तभी मजबूत बनता है जब लोग एक-दूसरे के दुख-दर्द को समझते हुए सहयोग के लिए आगे आते हैं। गरीब और कमजोर वर्ग की मदद करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारा ही देश की असली ताकत है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मौलाना रहमतुल्लाह नूर कासमी ने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में इंसानियत, करुणा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। जरूरतमंदों की सहायता करने से लोगों के बीच प्रेम और विश्वास बढ़ता है।
कार्यक्रम का संचालन मौलाना हफीजुर्रहमान कासमी ने किया, जबकि अंत में मौलाना इस्लाम कासमी ने देश की खुशहाली, शांति और आपसी सौहार्द के लिए दुआ कराई। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग, उलेमा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं मदरसा प्रबंधन के सदस्य मौजूद रहे। लाभार्थियों ने संस्था और मदरसा प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम

No Previous Comments found.