संतकबीरनगर में खूनी संघर्ष: गाली देने से मना करने पर परिवार पर जानलेवा हमला, महिला समेत 5 घायल

संतकबीरनगर : जनपद के करही गांव में बुधवार शाम पारिवारिक विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दुधारा थाना क्षेत्र के करही गांव में दबंगों द्वारा एक ही परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में महिलाओं और बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सेमरियावां भेजवाया, जहां एक महिला की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

गाली देने से मना करने पर भड़के आरोपी

पीड़ित अब्दुल कलाम पुत्र मोहम्मद कासिम द्वारा दुधारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 20 मई 2026 की शाम करीब छह बजे गांव के कुछ लोग पारिवारिक विवाद को लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और अभद्र गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोपी आक्रोशित हो गए और पहले से तैयार लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया।

पत्नी और मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा

अब्दुल कलाम को बचाने जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में पत्नी खालिदा खातून, बेटे मोहम्मद उजैफा और मोहम्मद हारिस तथा बेटी उम्मे असरा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। आरोप है कि जाते समय हमलावर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी देते गए।

महिला की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

घटना में घायल खालिदा खातून के सिर में गंभीर चोट आई है। सीएचसी सेमरियावां में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई ।

रिपोर्टर : मोहम्मद नईम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.