जनपद में भूमाफियाओं का बढ़ता नेटवर्क, विवादित जमीनों के सौदों से खरीदार परेशान
संतकबीरनगर - जनपद में भूमाफियाओं की सक्रियता लगातार बढ़ने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार मेहदावल ब्लॉक,नंदौर,बघौली ब्लॉक के हरदी,नगर पंचायत बखिरा,अमरडोभा,लेडुवा महुआ तथा सई बुजुर्ग सहित कई क्षेत्रों में विवादित भूमि के सौदों को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि कुछ लोग पहले विवादित या मुकदमेबाजी में फंसी जमीनों की पहचान करते हैं, फिर एग्रीमेंट के माध्यम से ग्राहकों को भरोसे में लेकर उनका बैनामा करा देते हैं। बाद में जमीन संबंधी विवाद सामने आने पर खरीदारों को कानूनी और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे न केवल आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं,बल्कि राजस्व विभाग को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में सामने आने वाले अधिकांश भूमि विवाद सीधे तौर पर राजस्व अभिलेखों और जमीन के स्वामित्व से जुड़े होते हैं। यदि समय रहते ऐसे मामलों की गंभीर जांच कर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई,तो भूमि विवादों की संख्या और बढ़ सकती है। सूत्रों का यह भी कहना है कि कुछ मामलों में स्टांप शुल्क की अनियमितताओं और राजस्व क्षति की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में मांग उठ रही है कि जिला प्रशासन विशेष अभियान चलाकर विवादित भूमि के सौदों की जांच करे तथा भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि आम और शरीफ नागरिक अनावश्यक विवादों से बच सकें। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभागों द्वारा अभी नहीं की गई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही तथ्यों की स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।
रिपोर्टर - मोहम्मद नईम
No Previous Comments found.