अमन,अकीदत और भाईचारे की मिसाल बना यौमे आशूरा, बखिरा सहित पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से निकला 10 मोहर्रम का जुलूस
संत कबीर नगर : नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा सहित पूरे क्षेत्र में यौमे आशूरा (10 मोहर्रम) का जुलूस परंपरागत अकीदत, अनुशासन और गंगा-जमुनी तहज़ीब के साथ अत्यंत शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे दिन मातमी जुलूसों में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) एवं करबला के शहीदों को ख़िराज-ए-अकीदत पेश किया गया।
बखिरा में आयोजित जुलूस के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष आमिर अंसारी, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता तौहीद अंसारी, कमाल अंसारी, पूर्व प्रधान नौरो, मोहम्मद अहमद, रियाजउद्दीन अंसारी,अकरम सिद्दीकी,सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र में अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की तथा शांतिपूर्ण आयोजन के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया।
पूरे आयोजन को सकुशल संपन्न कराने में थानाध्यक्ष बखिरा एवं उनकी पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरे समय पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा, जिसके चलते जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
बखिरा के अलावा नन्दौर, मेंहदावल, लोहरशन, धर्मसिंहवा, फरदहा सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भी यौमे आशूरा का जुलूस पूरी शांति, अनुशासन और धार्मिक श्रद्धा के साथ निकाला गया। हर जगह प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय गणमान्य नागरिकों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यौमे आशूरा का यह आयोजन एक बार फिर क्षेत्र की अमन-शांति, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम
No Previous Comments found.