राज्यपाल के हाथों ए.आर.सी. पी.जी. कॉलेज की दो छात्राओं को स्वर्ण पदक, पूरे प्रदेश में लहराया संस्थान का परचम
संतकबीर नगर : ए.आर.सी. पी.जी. कॉलेज, मूड़ाडीहा बेग के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का अवसर है। कॉलेज की दो मेधावी छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि से न केवल संस्थान बल्कि पूरे जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है।
कॉलेज की बीसीए की छात्रा सदफ़ शाहीन तथा एमए (उर्दू) की छात्रा बुशरा अंजुम को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान दोनों छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और प्रतिभा का प्रमाण है। उनकी इस उपलब्धि ने ए.आर.सी. पी.जी. कॉलेज की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को भी नई पहचान दिलाई है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक शमशेर अहमद ने दोनों छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी कॉलेज के विद्यार्थी शिक्षा, अनुसंधान एवं अन्य क्षेत्रों में नई ऊँचाइयाँ हासिल कर संस्थान और जिले का नाम रोशन करते रहेंगे।
छात्राओं की इस ऐतिहासिक सफलता से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है। शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने दोनों मेधावी छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम
No Previous Comments found.