लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें : सीओ धनघटा

संतकबीरनगर :  पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा ने रविवार को थाना धनघटा परिसर में सर्किल के दोनों थानों के थाना प्रभारियों एवं विवेचकों का अर्दली रूम कर लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में क्षेत्राधिकारी ने सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने का प्रयास किया जाए।

उन्होंने महिला अपराधों एवं साइबर अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की सतत निगरानी, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, निरोधात्मक कार्रवाई, बीट पुलिसिंग, रात्रि गश्त तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

सीओ ने थाना प्रभारियों को जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और पुलिस कर्मियों के अनुशासन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में प्रभारी निरीक्षक धनघटा, थानाध्यक्ष महुली सहित सर्किल के सभी विवेचक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मोहम्मद नईम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.