पुरानी रंजिश में युवक की मौत: दुधारा पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, वारदात में प्रयुक्त डंडे बरामद
संतकबीरनगर : थाना दुधारा पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे/फट्टे भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को पंचावा मोड़ के पास से अनिल कुमार, रोहित कुमार और राहुल कुमार निवासी टेकन्सी टेकन्सा, थाना दुधारा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को पुरानी रंजिश के चलते अहिरौली तिराहे पर साधू पान की दुकान के पास आरोपियों ने अपने ही गांव के अजय कुमार की लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की थी। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के घर जाकर दोबारा मारपीट की। सिर में गंभीर चोट लगने से अजय कुमार कोमा में चले गए थे और इलाज के दौरान 7 जुलाई को उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस का कहना है कि अजय कुमार की मौत के बाद तीनों आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर अहिरौली तिराहे के पास खेत से वारदात में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामसूरत प्रसाद, उपनिरीक्षक सतीश कुमार तिवारी सहित थाना दुधारा की पुलिस टीम शामिल रही।
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम
No Previous Comments found.