वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ, संतकबीरनगर में 29.78 लाख पौधे लगाए गए
संतकबीरनगर : जनपद में "एक पेड़ माँ के नाम" थीम के तहत आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ रविवार को विकासखंड बघौली के ग्राम बरईपार में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने पवित्र हरिशंकरी (पीपल, पाकड़ और बरगद) का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, मेंहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी तथा जिलाधिकारी आलोक कुमार ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि चारु चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने शुभ अवसरों और त्योहारों पर "एक पेड़ माँ के नाम" अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने पौधारोपण के साथ उसकी सुरक्षा और देखभाल पर भी विशेष बल देते हुए कहा, "वृक्ष लगाना सेवा है और उसे संरक्षित रखना साधना है।"
जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। वहीं विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण जरूरी है।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जनपदवासियों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जनपद में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत वन विभाग सहित सभी विभागों द्वारा 29.78 लाख पौधों का रोपण किया गया।
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम
No Previous Comments found.