बहू–बेटी सम्मेलन को सफल बनाने की तैयारी तेज,ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू

संत कबीर नगर : उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले "बहू–बेटी सम्मेलन" को प्रभावी बनाने के लिए गुरुवार को जनपद में ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। मेहंदावल थाना परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण में पुलिस विभाग एवं यूनिसेफ के सहयोग से विभिन्न विभागों के 30 नामित प्रतिनिधियों ने भाग लिया। 
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी मेहंदावल सर्वदमन सिंह एवं थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने किया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बहू–बेटी सम्मेलन महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा हिंसा की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। 
प्रशिक्षण का उद्देश्य ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों को इस प्रकार तैयार करना है कि वे अपने-अपने विकास खंडों में ग्राम स्तरीय संयोजकों को प्रशिक्षित कर सकें। इसके बाद प्रत्येक ग्राम पंचायत में छह सप्ताह तक महिलाओं के साथ जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और उपलब्ध सहायता सेवाओं जैसे विषयों पर चर्चा होगी। 
यूनिसेफ के मंडलीय बाल संरक्षण सलाहकार राजेश कुमार सैली ने सम्मेलन की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इस अभियान का मकसद महिलाओं और बालिकाओं के अधिकार,सम्मान और सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा हिंसा की रोकथाम के लिए समुदाय को सक्रिय रूप से जोड़ना है। 

रिपोर्टर : मोहम्मद नईम

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.