बैंड-बाजा के साथ जिला बदर अभियुक्त को पुलिस ने कराया जनपद से बाहर
संतकबीरनगर - जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना महुली पुलिस ने जिला बदर अभियुक्त के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए उसे बैंड-बाजा के साथ संतकबीरनगर की सीमा से बाहर कराया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर शांति व्यवस्था और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी धनघटा अभय नाथ मिश्र एवं थाना प्रभारी महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिवम पुत्र रामदरश,निवासी महुली खास,थाना महुली,के विरुद्ध पारित जिला बदर आदेश का पालन कराते हुए उसे जनपद की सीमा से बाहर किया। पुलिस ने जिला बदर अभियुक्त को चेतावनी दी कि अगले छह माह तक वह सक्षम न्यायालय या सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना संतकबीरनगर जनपद में प्रवेश नहीं करेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
महुली पुलिस ने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले, असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त और अपराध को बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे और अपराधियों में कानून का भय कायम हो।
रिपोर्टर - मो.नईम
No Previous Comments found.