अमेरिका से लौटे डॉ. इरशाद अहमद का जगह-जगह भव्य स्वागत

 संतकबीरनगर :  नगर पंचायत बखिरा के लेडुआ महुआ निवासी डॉ. इरशाद अहमद पुत्र निसारुल हक के अमेरिका से भारत लौटने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्वदेश वापसी पर जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वागत समारोह के दौरान डॉ. इरशाद अहमद ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि आज वह जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें उनके परिवार के साथ-साथ शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन, ईश्वर पर अटूट विश्वास और निरंतर मेहनत की बदौलत उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
डॉ. इरशाद अहमद ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मदरसा दारुल उलूम तनवीरुल इस्लाम, अमरडोभा से कक्षा एक से पांच तक प्राप्त की। इसके बाद चिश्तिया जूनियर हाईस्कूल, अमरडोभा से जूनियर हाईस्कूल की शिक्षा पूरी की। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा बनी माधव गोपीनाथ इंटर कॉलेज, बखिरा से प्राप्त की। इसके बाद देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर, मध्य प्रदेश से स्नातक की शिक्षा हासिल की और जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से मास्टर डिग्री तथा पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।
विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं और बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें माइक्रोबायोलॉजिस्ट सोसाइटी इंडिया की ओर से यंग साइंटिस्ट अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2023 में वह अमेरिका गए, जहां उन्हें ब्राउन कैंसर सेंटर, स्कूल ऑफ मेडिसिन, यूनिवर्सिटी ऑफ लुइसविल, केंटकी, अमेरिका में पोस्ट डॉक्टरेट साइंटिस्ट के रूप में कार्य करने का अवसर मिला।
डॉ. इरशाद अहमद ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन, मेहनत और धैर्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कुरआन की आयत “इन्नल्लाह मअस्साबिरीन” को अपने जीवन की प्रेरणा का स्रोत बताया।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि डॉ. इरशाद अहमद ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यदि युवा भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ शिक्षा प्राप्त करें तो निश्चित रूप से अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस अवसर पर गड्डू भाई, वायरमैन शकील अहमद अबू उबैदा, वसी अहमद, शमीम अहमद सहित क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर : मोहम्मद नईम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.