राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने की महिला जनसुनवाई,अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

संत कबीर नगर : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को जनपद संतकबीरनगर का भ्रमण कर महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के संबंध में अधिकारियों के साथ समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निरीक्षण भवन खलीलाबाद में महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा सहित विभिन्न मामलों को लेकर जनसुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद भ्रमण के दौरान आयोग की अध्यक्ष ने सबसे पहले तामेश्वर स्थित शिव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद संयुक्त जिला चिकित्सालय के महिला विंग में आयोजित कन्या जन्मोत्सव, गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कन्या जन्मोत्सव के दौरान 20 नवजात कन्याओं का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। उनकी माताओं को स्टार, मिठाई एवं फल तथा बच्चों के लिए बेबी किट और कपड़े भेंट किए गए। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सभी माताओं को आम एवं अन्य प्रजातियों के पौधे भी वितरित किए गए।

इसके बाद डॉ. बबीता सिंह चौहान ने संयुक्त जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली।

इसके पश्चात निरीक्षण भवन खलीलाबाद में महिला जनसुनवाई, समीक्षा बैठक एवं प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड-19 के तहत लाभान्वित दो बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए।

रिपोर्टर : मोहम्मद नईम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.