हत्या के प्रयास के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त अवैध चाकू बरामद

संतकबीरनगर : पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर  संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दुधारा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक  सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद  प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दुधारा  अमित कुशवाहा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने थाना दुधारा पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 304/2026, धारा 109(1), 352 बीएनएस में वांछित अभियुक्त वसीउल्लाह पुत्र हकीमुल्लाह, निवासी दानोकुईया, थाना दुधारा, जनपद संतकबीरनगर को 22 जुलाई 2026 को रक्शा कला के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त की निशानदेही पर दानोकुईया से घटना में प्रयुक्त एक अवैध चाकू बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई। आवश्यक कार्रवाई के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 21 जून 2026 को वादी हकीमुल्लाह पुत्र मोहम्मद रसूल निवासी दानोकुईया ने थाना दुधारा में तहरीर दी थी कि उनके दोनों पुत्र हफीजुल्लाह और वसीउल्लाह आपसी विवाद को लेकर झगड़ रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान वसीउल्लाह ने जान से मारने की नीयत से हफीजुल्लाह पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर एवं प्राणघातक चोटें आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मोतीला
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.