भूजल सप्ताह के समापन पर जल संरक्षण को लेकर कार्यशाला, जल के सदुपयोग का दिया संदेश
संतकबीरनगर : जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में 16 जुलाई से 22 जुलाई तक मनाए गए भूजल सप्ताह के तहत बुधवार को जनपद मुख्यालय पर पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी कार्यशाला का आयोजन किया गया। परियोजना निदेशक डीआरडीए विजयंत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जल जीवन मिशन एवं हर घर जल योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, जल के सदुपयोग और जल जनित बीमारियों से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यशाला में अधिशासी अभियंता जल निगम द्वारा आवश्यकता के अनुसार जल का उपयोग करने, हर घर जल योजना के तहत उपलब्ध कराए जा रहे पानी का मुख्य रूप से पेयजल के लिए उपयोग करने तथा जल को दूषित होने से बचाने की अपील की गई। एफटीके किट के माध्यम से उपस्थित लोगों को पानी की जांच एवं पेयजल की गुणवत्ता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
सहायक अभियंता लघु सिंचाई ने रोजमर्रा के जीवन में पानी बचाने के उपाय बताए। उन्होंने कार व दोपहिया वाहन धोने तथा घर की सफाई में बाल्टी-मग का प्रयोग करने, रेन वाटर हार्वेस्टिंग अपनाने और जल को प्रदूषित होने से बचाने पर जोर दिया। वहीं जिला उद्यान अधिकारी ने ड्रिप एवं स्प्रिंकलर योजना, भूमि संरक्षण अधिकारी ने खेत तालाब योजना तथा वन विभाग के अधिकारी ने वृक्षारोपण के महत्व की जानकारी दी।
परियोजना निदेशक विजयंत सिंह ने एफटीके दीदियों को स्वास्थ्य प्रहरी के रूप में गांव-गांव में जल संरक्षण और पानी के सदुपयोग को लेकर जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक घर में सोकपिट बनवाने के सरल उपाय बताते हुए ग्राम प्रधानों से नालियों के अंतिम छोर पर फिल्टर चैंबर बनवाकर ही पानी को तालाब अथवा बड़े गड्ढों में पहुंचाने का अनुरोध किया।
रिपोर्टर : मोहम्मद नईम
No Previous Comments found.