बखिरा क्षेत्र में जुए के अड्डों के संचालन की चर्चा, पुलिस की सक्रिय निगरानी की उठी मांग
संतकबीरनगर - बखिरा थाना क्षेत्र में इन दिनों कथित रूप से बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिचरा बाजार चौकी क्षेत्र में रात करीब 9 बजे के बाद कई स्थानों पर लोगों के इकट्ठा होने और जुआ खेले जाने की बात कही जा रही है। वहीं, तुरहाटवाला मोहल्ला, औघड़ टोला, बुढ़िया माई स्थान के आसपास तथा मठिया के किनारे और रसूलाबाद भट्ठे के पीछे भी सुबह के समय जुआ गतिविधियां संचालित होने की चर्चा है।
सूत्रों का दावा है कि कुछ स्थानों पर सुबह से ही लोगों का जमावड़ा शुरू हो जाता है और कथित रूप से जुए का खेल चलता रहता है। इससे आसपास के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन गतिविधियों की वास्तविकता है तो इससे क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ सकता है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सूत्रों के हवाले से सामने आई इस जानकारी के बाद अब पुलिस प्रशासन से अपेक्षा है कि वह पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्थानों पर प्रभावी निगरानी और आवश्यक जांच करे। यदि कहीं जुआ संचालित होता पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और आमजन का विश्वास कायम रहे।
रिपोर्टर - मोहम्मद नईम
No Previous Comments found.