रजत महोत्सव पर बतौली में किसान संगोष्ठी नई तकनीक ने बढ़ाया उत्साह, खेतों में बढ़ेगी उम्मीद की फसल

सरगुजा : छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर विकासखंड बतौली में कृषि विभाग द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम ने क्षेत्र के किसानों में नई ऊर्जा और उम्मीद जगा दी। आयोजन स्थल जिला सहकारी केंद्रीय बैंक परिसर बतौली में सुबह से ही किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा परिसर एक कृषि मेले का रूप ले चुका था। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कृषि विभाग के वैज्ञानिकों और जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ से भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के लिए आधुनिक तकनीकों, फसल विविधिकरण, मिट्टी परीक्षण, जैविक खेती और उन्नत बीजों के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक पद्धति अपनाने से कम लागत में अधिक उत्पादन संभव है। किसानों ने भी अपनी समस्याओं जैसे मौसम की अनिश्चितता, सिंचाई की कमी और बढ़ती लागत पर चर्चा करते हुए इस कार्यक्रम को बेहद उपयोगी बताया। किसानों का कहना था कि ऐसे आयोजन से नई सोच और तकनीकी मार्गदर्शन मिलता है, जिससे खेती को और लाभकारी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और किसान समृद्धि योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई और किसानों से इनका अधिकतम लाभ लेने की अपील की गई।
किसान मोर्चा उपाध्यक्ष जीतेश्वर पाठक द्वारा जैविक खेती को बढ़ावा देने एवं रासायनिक खाद को कम करने के लिए किसानों को कहा गया  कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि “किसान ही देश की असली ताकत हैं, जब किसान समृद्ध होंगे तो देश अपने आप आगे बढ़ेगा।” बतौली में हुआ यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों के लिए ज्ञान, तकनीक और आत्मनिर्भरता का उत्सव बन गया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता, जीतेश्वर पाठक, पूनमचंद गुप्ता, नरेंद्र, शुभम, विवेकानन्द, छवि, अनिल,ललिता,विश्वनाथ यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी रविश गुप्ता, उद्यान अधीक्षक अविनाश गुप्ता, डॉ अनिल चौहान, हितेश साहू, धर्मेंद्र सदावर्ती, मिश्रा जी , समस्त ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित हुए।मंच का संचालन विकाश खंड शिक्षा अधिकारी शरद चंद्र मेषपाल जी ने किया।

रिपोर्टर  : रिंकू सोनी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.