जनपद बतौली में 4.0 नई चेतना अभियान के तहत जेंडर सप्ताह का व्यापक आयोजन

सरगुजा : जनपद पंचायत बतौली में 4.0 नई चेतना अभियान के अंतर्गत जेंडर सप्ताह का भव्य एवं उद्देश्यपूर्ण आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य एवं सामाजिक समानता के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दीदियों एवं ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन के दौरान चित्रकला के माध्यम से जेंडर समानता का प्रभावशाली संदेश दिया गया। चित्रों के जरिए महिलाओं को घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई तथा यह समझाया गया कि हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाना उनका अधिकार है। साथ ही महिलाओं और पुरुषों के बीच समान अधिकार, समान अवसर तथा लड़की और लड़के में किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में F, N, H, W दीदी द्वारा महिलाओं को संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व के बारे में बताया गया। उन्होंने हरी सब्जियों, दालों, फल, दूध एवं स्थानीय पोषक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी। इसके साथ ही महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।
माहवारी स्वच्छता को लेकर भी महिलाओं को जागरूक किया गया। दीदी द्वारा माहवारी के समय सैनिटरी पैड के उपयोग, स्वच्छता बनाए रखने तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों के टीकाकरण के महत्व पर भी चर्चा की गई और समय पर टीके लगवाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और जागरूकता संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया। 4.0 नई चेतना अभियान के अंतर्गत आयोजित यह जेंडर सप्ताह महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

रिपोर्टर :  रिंकू सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.