बतौली में कृषक उन्नति योजना के तहत 5388 किसानों को 24 करोड़ की आदान सहायता राशि वितरित

बतौली : बतौली के मंगल भवन में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 5388 किसानों के खातों में लगभग 24 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि अंतरित की गई। राशि प्राप्त होते ही किसानों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलकता दिखाई दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना से हुई, जिसके पश्चात कृषि विभाग द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान हाल ही में सड़क हादसे में दिवंगत हुए बतौली भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष स्व. संजय यादव को श्रद्धांजलि देते हुए उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन धारण किया।
समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक गुप्ता, जीतेश्वर पाठक, विधायक प्रतिनिधि रज्जू राम, मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य नानमणि पैंकरा, महामंत्री ललिता तिर्की, प्रदीप मिश्रा, विश्वनाथ यादव, चूड़ामणि दास, विंदेश्वरी पैंकरा, नवीन गुप्ता, कलमू लकड़ा, पूनम गुप्ता, अभय प्रकाश सहित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, जिला सहकारी समितियों के प्रबंधक, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। मंच संचालन उमेश गुप्ता एवं लव गुप्ता द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा कर रही है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में सहायता राशि हस्तांतरित कर सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है। अतिथियों ने इसे किसानों की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान लाभान्वित किसानों को अतिथियों के हाथों प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। सहायता राशि मिलने से किसानों में उत्साह का माहौल रहा और उन्होंने शासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

रिपोर्टर : रिंकु सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.