कपाट बहरी में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर सजा विज्ञान मेला, विद्यार्थियों ने मॉडलों से बिखेरी वैज्ञानिक सोच की चमक

सरगुजा : राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 28 फरवरी को सरगुजा जिले के विकासखंड बतौली के संकुल केंद्र मंगारी अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कपाट बहरी में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विज्ञान मेला आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रयोगात्मक मॉडल और विज्ञान से जुड़े स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में कक्षा आठवीं के विद्यार्थी करीना कोरबा एवं अविनाश कोरबा ने सूक्ष्मदर्शी के माध्यम से सूक्ष्मजीवों एवं कोशिकाओं का अध्ययन और अवलोकन कर उपस्थित लोगों को वैज्ञानिक जानकारी दी। कक्षा सातवीं की छात्राएं अनन्या एवं शलेशमा तिग्गा ने विज्ञान किट के माध्यम से वैज्ञानिक उपकरणों और उनके उपयोग की जानकारी दी।
राज्य स्तर पर स्पीड रीडिंग में स्थान प्राप्त करने वाली पूजा कोरबा ने अम्ल और छार परीक्षण का स्टॉल लगाकर उसकी अवधारणा को सरल तरीके से समझाया। कक्षा आठवीं के छात्र तुलेश्वर ने विद्युत चालकता पर आधारित स्टॉल लगाकर सुचालक एवं कुचालक पदार्थों के गुणों को प्रदर्शित किया। कक्षा छठवीं की छात्राएं रितु एक्का और वर्षा यादव ने पदार्थों के पृथक्करण की विभिन्न विधियों का प्रदर्शन किया, जबकि गणेश एवं केश्वर ने चुंबक आधारित प्रयोगों से सभी का मनोरंजन करते हुए वैज्ञानिक जानकारी दी।
आरती ने मापन से संबंधित स्टॉल लगाया और स्नेहा (कक्षा आठवीं) ने प्रकाश एवं प्रतिबिंब को प्रायोगिक रूप में समझाया। कक्षा आठवीं की राधिका ने वैज्ञानिकों और उनकी उपलब्धियों पर आधारित स्टॉल लगाकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। वहीं पुनीत एक्का ने श्वसन तंत्र का वर्किंग मॉडल प्रस्तुत किया, जिसकी उत्कृष्ट प्रस्तुति से प्रभावित होकर मंगारी के सीएसी श्री लव कुमार गुप्ता ने उन्हें पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की एसएमसी अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा केरकेट्टा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पालक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के चंद्रभान जी, अविनाश जी एवं संजय जी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के सफल संचालन में विज्ञान शिक्षिका जमुना नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर प्रधान पाठक राम कुमारी दीवान, सुनील कुमार राइस, ख्रीस्त मंजुला तिर्की, वीरेंद्र भगत, मरियम बड़ा, सुमित्रा जी, नरेशिन जी, रूपा जी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विज्ञान मेले ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित किया तथा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस को सार्थक बनाया।

रिपोर्टर : रिंकु सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.