विधायक के भूमि पूजन वाले महतारी सदन में लापरवाही का खुलासा, 25 लाख के काम पर उठे गंभीर सवाल
सरगुजा- जिले के विकासखंड बतौली में बन रहे महतारी सदन भवन के निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ महीने पहले ही इस भवन का भूमि पूजन क्षेत्रीय विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा किया गया था और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई थी। लेकिन हकीकत इसके उलट सामने आई है।
लगभग 25 लाख रुपए की लागत से बन रहे इस महतारी सदन भवन में ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर घटिया निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की लगातार शिकायत के बाद शनिवार को आरईएस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आरईएस विभाग के ई. अविनाश मिंज, एसडीओ चंद्रभान सिंह, इंजीनियर सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। जांच के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य नक्शे और निर्धारित मापदंडों के विपरीत किया जा रहा है। बीम और ढांचे का निर्माण गलत तरीके से किया जा रहा था, वहीं निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी बेहद खराब पाई गई।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण स्थल पर न तो नियमित पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही सही गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मौके पर निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने घटिया निर्माण को तत्काल तोड़कर दोबारा सही तरीके से निर्माण करने के निर्देश दिए।
इस मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना है कि अगर समय रहते शिकायत नहीं होती तो सरकारी राशि से बन रहा यह भवन शुरुआत से ही कमजोर और जोखिम भरा बन जाता।
अब सवाल यह उठ रहा है कि जब विभागीय निगरानी में निर्माण कार्य चल रहा था, तो आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो गई?
ग्रामीणों ने मांग की है कि घटिया निर्माण कराने वाले ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो


No Previous Comments found.