मेन रोड के दो दुकानों में हुई चोरी का मामला सुलझा, आरोपी पहले भी रहा है आपराधिक गतिविधियों में शामिल

बतौली- 

थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच बतौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नगद रकम बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में बतौली पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की।
पहले मामले में प्रार्थी संतोष गुप्ता, निवासी बतौली मेन रोड ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कृषि संबंधी दुकान जय माता दी एग्रो में 2 से 3 मार्च की रात अज्ञात चोर ने शटर का ताला तोड़कर दुकान में रखे लगभग 70 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए।
वहीं दूसरे मामले में प्रार्थी योगेश गुप्ता, निवासी बतौली मेन रोड ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी दुकान मंजू साड़ी, हरि फैशन एवं योगेश क्लॉथ में अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर 50 हजार रुपये नगद सहित शर्ट-पेंट और साड़ी चोरी कर ली।
दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध क्रमांक 28/26 और 29/26 के तहत धारा 305(ए), 331(4), 238 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही अशोक मरावी (43 वर्ष) निवासी देवरी डुमरपारा थाना बतौली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 2500 रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि चोरी किए गए कपड़ों को पकड़े जाने के डर से जला दिया तथा शेष नगदी खर्च कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह आदतन अपराधी है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, नारायण सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक रविश लकड़ा, अनूप कुजूर, वीरेंद्र बंजारे, आरक्षक राजू कुजूर, जोगी बड़ा एवं हिमांशु पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

सरगुजा -रिंकु सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.