सुने मकान में चोरी: बालक गिरफ्तार, 2 लाख का मशरूका बरामद
सरगुजा : थाना बतौली क्षेत्र में सुने मकान में चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नगद रकम सहित कुल लगभग 2 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया भिनसारी मिंज निवासी पोपरेंगा कुड़ोपारा ने थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 मार्च 2026 को वह और उसके पति घर में ताला लगाकर खेत गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने घर का ताला तोड़कर अलमारी व बक्से से करीब 1 लाख रुपये नगद पार कर दिए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़ लिया। उसके पास से 1,03,100 रुपये नगद, सोने का लोकेट और सोने का टॉप बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 39/26 धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने थाना सीतापुर क्षेत्र में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया है, जहां आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस की सख्ती जारी
थाना बतौली पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इनकी रही अहम भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, एएसआई संजय गुप्ता, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य सक्रिय।

No Previous Comments found.