कस्तूरबा आवासीय विद्यालय भटको का आकस्मिक निरीक्षण, छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण व मेहनत का दिया संदेश

सरगुजा :  जिले के विकासखंड बतौली में गुरुवार को तहसीलदार कमलावती एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरद चंद्र मेषपाल द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भटको का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। इस दौरान छात्रावास के कक्षों, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

तहसीलदार कमलावती ने छात्राओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहले स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। बिना लक्ष्य के प्रयास अधूरे रहते हैं। उन्होंने कहा कि “कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है, जिससे किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।”
विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरद चंद्र मेषपाल ने भी विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए छात्राओं को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन एवं अनुशासन का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने शिक्षकों एवं स्टाफ को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने एवं छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आकस्मिक निरीक्षण से शिक्षा व्यवस्था में सुधार एवं अनुशासन बनाए रखने में मदद मिलती है। साथ ही उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने एवं छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के निर्देश दिए।
इस आकस्मिक निरीक्षण से विद्यालय में व्यवस्था सुधार एवं छात्राओं में पढ़ाई के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्टर : रिंकू 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.